AI से वीडियो कैसे बनाएं? मोबाइल से शुरुआत, सही प्रॉम्प्ट और मेरी अपनी सीख (2026)

AI से वीडियो कैसे बनाएं? मोबाइल से शुरुआत, सही प्रॉम्प्ट और मेरी अपनी सीख (2026)

लेखक:

· विषय:

आजकल आप सिर्फ़ लिखकर बता दीजिए कि क्या दिखाना है, और AI कुछ ही मिनट में छोटा वीडियो सीन बना देता है। मैं ख़ुद अपने Facebook पेज और YouTube चैनल के लिए रोज़ Google के AI टूल से कहानी, भक्ति और टेक वाली छोटी Reels बनाता हूँ। इस लेख में उसी अनुभव से बताऊँगा कि AI से वीडियो कैसे बनाएं – टूल, प्रॉम्प्ट, एडिटिंग और ज़रूरी नियम।

AI वीडियो कैसे बनता है? (आसान भाषा में)

आप AI को प्रॉम्प्ट (लिखित निर्देश) देते हैं – जैसे “बारिश में छाता लिए एक बच्ची स्कूल से घर लौट रही है, शाम की रोशनी।” AI उस विवरण से कुछ सेकंड का वीडियो सीन बनाता है। ज़्यादातर टूल एक बार में लगभग 5–10 सेकंड का सीन बनाते हैं। लंबा वीडियो चाहिए तो 3–4 सीन बनाकर एडिटिंग ऐप में जोड़ते हैं।

कौन-से टूल इस्तेमाल करें?

टूल किस काम का ध्यान दें
Google Flow (Veo मॉडल) प्रॉम्प्ट से सिनेमा जैसे सीन, आवाज़ के साथ क्रेडिट पर चलता है; प्लान और उपलब्धता बदलती रहती है
Gemini ऐप चैट में लिखकर छोटा वीडियो/फ़ोटो कई सुविधाएं पेड प्लान या सीमित संख्या में
फ़ोटो से AI (Gemini, ChatGPT आदि) पहले कैरेक्टर की तस्वीर बनाना, फिर उसी से सीन हर सीन में चेहरा एक जैसा रखने में मदद
एडिटिंग ऐप (CapCut, Filmora, InShot आदि) सीन जोड़ना, हिंदी टेक्स्ट, म्यूज़िक, कैप्शन म्यूज़िक का लाइसेंस और ऐप की शर्तें देखें

टूल, क़ीमत और मुफ़्त सीमा बहुत तेज़ी से बदलती है – इस्तेमाल से पहले टूल की आधिकारिक साइट पर ताज़ा जानकारी देखें।

पहला AI वीडियो: 6 कदम

  1. कहानी 3 हिस्सों में लिखें: शुरुआत (समस्या), बीच (मोड़), अंत (सीख/मुस्कान)। 20–30 सेकंड की Reel के लिए 3 सीन काफ़ी हैं।
  2. कैरेक्टर तय करें: पहले कैरेक्टर की एक साफ़ तस्वीर बनवाएं (उम्र, कपड़े, चेहरा)। आगे हर सीन में यही तस्वीर “reference” की तरह लगाएं।
  3. हर सीन का प्रॉम्प्ट लिखें (नीचे नमूना देखें)।
  4. सीन बनाएं और जाँचें: चेहरा, हाथ, कपड़े और बैकग्राउंड ठीक हैं या नहीं। गड़बड़ हो तो प्रॉम्प्ट साफ़ करके दोबारा बनाएं।
  5. एडिटिंग: तीनों सीन जोड़ें, हिंदी टेक्स्ट और अंत में चैनल का नाम/Subscribe कार्ड लगाएं।
  6. अपलोड: 9:16 (खड़ा) फ़ॉर्मेट में Reels/Shorts पर डालें, AI लेबल के साथ।

अच्छा वीडियो प्रॉम्प्ट कैसे लिखें?

प्रॉम्प्ट में ये 6 बातें ज़रूर लिखें:

  • कौन: उम्र, कपड़े, चेहरे की बनावट
  • कहाँ: गाँव की गली, रसोई, मंदिर, ऑफ़िस…
  • क्या कर रहा है: एक ही साफ़ काम
  • कैमरा: क्लोज़-अप, दूर से, धीरे-धीरे पास आता कैमरा
  • रोशनी और मूड: सुबह की धूप, शाम, भावुक, मज़ेदार
  • आवाज़: कोई बोल रहा है तो क्या बोलेगा, या सिर्फ़ बैकग्राउंड आवाज़

नमूना प्रॉम्प्ट: “एक 60 साल के ऑटो चालक, सफ़ेद कुर्ता और ग्रे स्वेटर, शाम को अपने ऑटो की पिछली सीट पर एक भूला हुआ काला बैग देखते हैं। कैमरा धीरे-धीरे उनके चेहरे के पास जाता है, चेहरे पर ईमानदारी और चिंता। गर्म शाम की रोशनी, असली (realistic) अंदाज़, कोई टेक्स्ट नहीं।”

रोज़ AI Reels बनाने से मिली मेरी 7 सीख

  1. एक सीन में एक ही मुख्य कैरेक्टर रखें। दो लोग हों तो AI अक्सर उनके कपड़े या चेहरे आपस में बदल देता है।
  2. “एक लगातार शॉट, बिना कट” लिखने से बीच में कैरेक्टर बदलने की गलती कम होती है।
  3. असली मशहूर लोगों और भगवान के बहुत नज़दीकी चेहरों पर कई टूल रोक लगाते हैं। दूर से (wide shot) दिखाने पर अक्सर सीन बन जाता है।
  4. सीन में लिखा टेक्स्ट अक्सर गलत बनता है – इसलिए प्रॉम्प्ट में “कोई टेक्स्ट नहीं” लिखें और हिंदी टेक्स्ट बाद में एडिटिंग में जोड़ें।
  5. हिंदी डायलॉग देवनागरी में लिखें – आवाज़ ज़्यादा साफ़ आती है।
  6. क्रेडिट का हिसाब रखें: पहले सस्ते/छोटे मॉडल से आज़माएं, अच्छा लगे तभी महँगे विकल्प पर जाएं।
  7. डाउनलोड तुरंत सही नाम से सेव करें – बाद में ढूँढना मुश्किल होता है।

ज़रूरी नियम और ईमानदारी

  • AI लेबल: YouTube पर असली जैसा दिखने वाला AI वीडियो अपलोड करते समय “Altered or synthetic content” में Yes चुनें। Facebook/Instagram भी AI सामग्री पर लेबल माँगते हैं।
  • किसी असली व्यक्ति का नकली वीडियो न बनाएं – यह धोखा है और क़ानूनी परेशानी भी हो सकती है।
  • दूसरों का वीडियो, म्यूज़िक या कैरेक्टर कॉपी न करें। अपनी कहानी, अपने कैरेक्टर बनाएं।
  • वीडियो में साफ़ लिखें: “कहानी काल्पनिक है • AI से बनी” – दर्शक का भरोसा बढ़ता है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)

क्या AI से वीडियो पूरी तरह मुफ़्त बन सकता है?

कुछ टूल सीमित मुफ़्त इस्तेमाल देते हैं, पर अच्छी क्वालिटी और ज़्यादा सीन के लिए आम तौर पर पेड प्लान या क्रेडिट चाहिए। मुफ़्त सीमा समय-समय पर बदलती है।

क्या AI वीडियो से YouTube पर कमाई हो सकती है?

YouTube की नीतियाँ “मेहनत से बनी, मौलिक” सामग्री पर ज़ोर देती हैं। एक जैसे, बिना मेहनत के बड़ी संख्या में बने वीडियो से मोनेटाइज़ेशन में दिक़्क़त हो सकती है। अपनी कहानी, आवाज़ और एडिटिंग जोड़ें।

मोबाइल से बन सकता है या कंप्यूटर चाहिए?

सीन बनाने वाले ज़्यादातर टूल ब्राउज़र में चलते हैं, इसलिए मोबाइल से भी हो सकता है। लंबी एडिटिंग कंप्यूटर पर आसान रहती है।

निष्कर्ष

AI वीडियो का राज़ है – छोटी कहानी, एक कैरेक्टर की reference तस्वीर, साफ़ प्रॉम्प्ट और टेक्स्ट एडिटिंग में। ईमानदारी से AI लेबल लगाइए और अपनी कहानी बनाइए।

AI के और टूल समझें: ChatGPT कैसे इस्तेमाल करें | Google Gemini कैसे इस्तेमाल करें

नोट: टूल के नाम, सुविधाएं और क़ीमत तेज़ी से बदलती हैं। जानकारी 28 अक्टूबर 2026 तक की है।

सुबोध कुमार

लेखक: सुबोध कुमार

कंप्यूटर, AI, मोबाइल और ऑनलाइन सुरक्षा पर आसान हिंदी में लिखते हैं। रोज़ के काम आने वाली बातें, जाँची-परखी जानकारी के साथ। मेरे बारे में · मुफ़्त टूल · Facebook

आपकी राय

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *